वैद्य शराब को अबैध बताकर किया मामला दर्ज, पुलिस और आबकारी में ठनी, शराब ठेकेदारों में भारी रोष मामला पुलिस एवं आबकारी विभाग के बीच अभी उलझा
छतरपुर(रवि गुप्ता) । बमीठा थाना पुलिस ने गुजरी रात कस्बे में एक ट्रक अंग्रेजी शराब पकडऩे का दावा किया है। शराब की अनुमानित कीमत 11 लाख रूपये बताई गई है। आबकारी महकमा आज दिनभर पकड़ी गई उक्त शराब की जांच पड़ताल में जुटा रहा। विभाग के अधिकारियों ने प्राथमिक तौर पर इस बात की पुष्टिï की है कि पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब अवैध नहीं थी। फिलहाल मामला पुलिस एवं आबकारी विभाग के बीच अभी उलझा हुआ है।
खजुराहो एसडीओपी नवीन चौधरी एवं बमीठा थाने का हाल ही में प्रभार संभालने वाले पुलिस इंस्पेक्टर आरके बंसल ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक अवैध शराब बमीठा कस्बे में उतर रही है। इस सूचना पर पुलिस ने कस्बा स्थित अंग्रेेजी शराब की दुकान के समीप खड़े एक ट्रक की जांच पड़ताल की। ट्रक ड्राईवर से ट्रक में लदी शराब के संबंध में कागजात मांंगे जो उसने नहीं दिए। हालांकि बाद में पुलिस के अधिकारी यह दावा करते रहे कि यह शराब उक्त अंग्रेजी शराब की दुकान में उतारी जानी थी। पुलिस ने रात्रि लगभग दस बजे ट्रक के क्लीनर नसीम खां एवं शराब दुकान के सेल्समेन बल्ली उर्फ बलराम कुशवाहा को हिरासत में ले लिया और ट्रक को पुलिस थाने ले गई। इस ट्रक में लदी शराब को पुलिस ने रात्रि में ही खाली कराकर थाने में रखवा लिया। बाद में पुलिस का अमला पुन: शराब की दुकान पर पहुंचा और दुकान से कुछ ही दूरी पर खड़ी एक बोलेरो कार को भी थाने ले जाया गया। पुलिस का आरोप है कि उक्त बोलेरो कार में सवार लोग ट्रक के आगे चल रहे थे। लिहाजा इस कार की भी उक्त अवैध शराब के कारोबार में लिप्तता पाई गई है। एक मोटर साईकिल भी पुलिस ऐसे ही आरोप के तहत उठाकर थाने ले गई। हालांकि पुलिस ने इस अवैध शराब के पकड़े जाने की सूचना आबकारी विभाग के न तो अधिकारियों को दी और न ही जिले के कलेक्टर अथवा क्षेत्र के एसडीएम को दी। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए उल्लेख किया कि उक्त ट्रक से अवैध शराब अंग्रेजी दुकान में उतारी जा रही थी।
शराब दुकान के ठेकेदार अभिषेक मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त शराब अथवा कथित ट्रक से उनका कोई संबंध नहीं है। ना ही शराब उनकी दुकान में उतारी जा रही थी और ना ही उन्होंने अवैध शराब का कोई कारोबार किया है। पुलिस द्वारा साजिश के तहत यह कार्यवाही की गई है। श्री मिश्रा के मुताबिक आबकारी विभाग के अधिकारी आज दिनभर उनकी दुकान के स्टॉक की जांच करते रहे जिसमें एक भी बोतल अवैध शराब नहीं पाई गई।
जांच पड़ताल के लिए बमीठा पहुंचे आबकारी अधिकारी श्री सोलंकी एवं उनके अमले ने शराब दुकान की विधिवत जांच पड़ताल की। श्री सोलंकी ने बताया कि पुलिस द्वारा रात्रि में एक ट्रक शराब पकड़ी गई है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक में लदी शराब के वैध दस्तावेज ट्रक चालक के पास मौजूद थे चूंकि ट्रक चालक पुलिस को देखकर भाग खड़ा हुआ जिसके कारण पुलिस के समक्ष सही तस्वीर सामने नहीं आ सकी उन्होंने बताया कि ट्रक में लदी शराब रीवा जा रही थी। ट्रक चालक के पास शराब ले जाने का परमिट था और वह सही मार्ग से जा रहा था। यदि शराब अवैध रूप से बमीठा की शराब दुकान में उतर रही थी तो पुलिस को तत्काल आबकारी विभाग को भी सूचित करना था तथा दुकान में उतारी गई शराब को दुकान में ही सील करना था। ऐसा न पाया जाना पुलिस की कार्यवाही को संदेहास्पद बना रहा है।
फिलहाल बमीठा थाना पुलिस द्वारा पकड़ी गई एक ट्रक अवैध शराब का मामला आबकारी विभाग की जांच पड़ताल के उपरांत उलझता नजर आ रहा है। पुलिस जहां पकड़ी गई शराब को अवैध बता रही है वहीं आबकारी विभाग के अधिकारी पुलिस के उक्त दावे से सहमत नजर नहीं आते। मामला पुलिस एवं आबकारी विभाग के बीच अभी अभी जांच में उलझा हुआ है।