तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि सीपीएम उन्हें खत्म करने की साजिश रच
रही है और इसके लिए वह एक आत्मघाती दस्ता बना रही है। ममता ने सीपीएम पर यह आरोप भी लगाया कि वह राजनीतिक रूप से उनका मुकाबला नहीं कर पा रही है।
ममता ने कहा, 'सीपीएम एक बैठक की है और इसमें मुझे खत्म करने की साजिश रची है।' उन्होंने कहा कि ऐसी बैठक हुई है और आप इसकी जांच कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान सीपीएम ने उन्हें खत्म करने के लिए एक आत्मघाती दस्ता बनाए जाने पर चर्चा की और कहा कि इसके लिए जरूरी धन दिया जाएगा।
ममता ने दावा कि उन्हें इस बात की सूचना है और वह समझती हैं कि पश्चिम बंगाल सरकार भी इसे जानती है। उन्होंने कहा, 'सीपीएम के मंत्री और नेता मेरी
गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। वे मेरी गतिविधियों के बारे में जांच कर रहे हैं। मुझे मारने के लिए साजिश रची जा रही है।' केंद्रीय रेलमंत्री ने सवाल किया, 'यह सच्ची राजनीति है ? वे राजनीतिक रूप से मेरा मुकाबला नहीं कर सकते। वे कायर हैं।' उन्होंने यह भी दावा किया कि सीपीएम ने एक आत्मघाती दस्ता तैयार किया है जो मेरी और तृणमूल युवक कांग्रेस के अध्यक्ष शुभेन्दु अधिकारी की हत्या करना चाहता है।' लेकिन वह कैसे यह सब जानती हैं? इस पर ममता ने जवाब दिया, 'सीपीएम क्यों पश्चिमी मिदनापुर में अपने सशस्त्र कैडरों के इतने अधिक कैंप स्थापित कर रही है ? क्योंकि वे मुझे मारना चाहते हैं।'