उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और विधायक हुकुम सिंह की पत्नी रेवती सिंह की रहस्यमय परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। नई बस्ती इलाके की गांधी कालोनी स्थित उनके आवास से शनिवार सुबह रेवती का शव मिला।
पूर्व मंत्री हुकुम सिंह मुजफ्फरनगर जिले की कैराना विधानसभा सीट से विधायक हैं। पुलिस ने हत्या के पीछे लूट या डकैती की आशंका से इंकार किया है। घर में नकदी और अन्य कीमती सामान सुरक्षित पाया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने में कहा, "प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लगता है। ऐसा लग रहा है कि तकिए को उनके मुंह पर रखकर स्कार्फ से उनका गला दबाया गया हो। फोरेंसिक टीम मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। विधायक सिंह भी मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो चुके हैं।" उन्होंने कहा कि तकिया और स्कार्फ कमरे से बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा रेवती सिंह की सोने की चेन, हीरे की कनबाली, मोबाइल व अन्य कीमती सामान भी कमरे से ही बरामद हुए हैं, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता है कि हत्या के पीछे लूट या डकैती की कोई संभावना हो। उन्होंने हत्या में दो लोगों के शामिल होने की भी आशंका जताई।
इससे पहले, मुजफ्फरनगर के पुलिस उपाधीक्षक आकाश खुलेरी ने कहा, "प्राथमिक जांच से स्पष्ट हुआ है कि रेवती सिंह की गला दबाकर हत्या की गई है।" उन्होंने कहा, "हम हत्या के कारणों की जांच कर रहे हैं। इस हत्या में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए टीम गठित कर दी गई है।"
पुलिस निरीक्षक जगदीश सिंह ने कहा, "हत्या के वक्त घर में केवल कुछ नौकर मौजूद थे। भाजपा नेता घर में नहीं थे, वह लखनऊ गए हुए थे।" उल्लेखनीय है कि शंकर व अजय नाम के बिहार के रहने वाले दो नौकर और हुकुम सिंह के पोते अनुज सिंह रेवती सिंह के साथ रहते थे।