बिकीनी किलर के नाम से मशहूर चार्ल्स शोभराज के जीवन पर बन रही फिल्म में बॉलिवुड के मि. परफेक्शनिस्ट आमिर खान लीड रोल करने वाले थे। वह इस सिलसिले में दो बार शोभराज से मिले भी थे। यह बात खुद चार्ल्स शोभराज ने एक इंटरव्यू में कही है।
नेपाल सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही एक अमेरिकी टूरिस्ट की हत्या के मामले में दोषी करार दिए गए चार्ल्स शोभराज फैसला आने तक अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर काफी उत्साहित था। उसने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया -क्रेस्ट को दिए इंटरव्यू में कहा कि उसके जीवन की सचाई अब तक लोगों के सामने नहीं आई है। खुद को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए उसने कहा कि उसके बारे में प्रचलित गलत मान्यताओं की वजह से ही उसे अपराधी और हत्यारा माना जा रहा है।
जब उससे यह पूछा गया कि उसकी सचाई लोगों तक कैसे पहुंचेगी, तो उसने कहा कि एक बार मैं जेल से बाहर आ जाऊं तो फिर इन सब योजनाओं पर काम शुरू करूंगा।'
शोभराज ने बताया कि उसके जीवन पर फिल्म बनाने में हॉलिवुड और बॉलिवुड के कई प्रड्यूसर दिलचस्पी ले रहे हैं। वह खुद इस बारे में डिस्कस करने को तैयार है।
बकौल शोभराज पहले एक बार जब उस पर फिल्म बन रही थी तो आमिर खान उसमें उसकी भूमिका निभा रहे थे। वह उससे मिलने दो बार पेरिस भी गए थे। शोभराज ने बताया,'मैंने उस प्रोजेक्ट को अपनी मंजूरी दी थी। लेकिन बाद में आमिर के डेट्स की समस्या आ गई और मैंने कंट्रैक्ट की सीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया।'